ओटीएस और रजिस्ट्री मामलों के निस्तारण में मिली गति
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा जनसाधारण की सुविधा तथा लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय विशेष शिविर का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह शिविर 16 जून 2026 से 18 जून 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) तथा मधुबन बापूधाम प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकरणों के समाधान के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। शिविर के दौरान आम नागरिकों और आवंटियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राधिकरण को आवंटियों एवं नागरिकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई, जिससे इस पहल की उपयोगिता और प्रभावशीलता स्पष्ट रूप से सामने आई।
ओटीएस योजना के तहत 18 नए आवेदन प्राप्त: एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना के अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से कुल 18 नए आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में से 12 प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे संबंधित आवंटियों को बड़ी राहत मिली।
प्रधानमंत्री आवास योजना के रजिस्ट्री कैंप को मिला अच्छा प्रतिसाद: मधुबन बापूधाम प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवंटियों के पक्ष में रजिस्ट्री प्रक्रिया को गति देने के लिए आयोजित विशेष रजिस्ट्री कैंप के भी उत्साहजनक परिणाम सामने आए। रजिस्ट्री के लिए कुल 11 आवेदन/पत्र प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए 4 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
आवंटियों का जताया आभार: शिविर के सफल संचालन एवं सकारात्मक सहभागिता के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने सभी आवंटियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसी पहल जारी रखी जाएंगी, ताकि आवंटियों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
Tags
गाजियाबाद