नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े कथित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम कर रहा था और इसका उद्देश्य दिल्ली तथा पड़ोसी राज्यों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाना, आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं की भर्ती करना था।
स्पेशल सेल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी सोहेल (26), दिल्ली के घिटोरनी निवासी सोनू मीणा (30), राजस्थान के दौसा निवासी सचिन कुमार मीणा (20), हरियाणा के नूंह निवासी मोहम्मद कैफ (21) और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी मोहम्मद रिहान (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध हथियार, 10 जिंदा कारतूस, शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े सदस्य आबिद जट्ट के पोस्टर तथा पुलिसकर्मियों को धमकी देने और उनकी रेकी से संबंधित वीडियो सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। स्पेशल सेल के अनुसार, आरोपियों को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कथित संगठन 'तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान' के समर्थन में कलाकृतियां बनाने, पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के पोस्टर लगाने और पुलिसकर्मियों पर हमले की तैयारी करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस का दावा है कि हाल ही में पंजाब के अमृतसर जिले के मजीठा में एक एएसआई की हत्या की जिम्मेदारी भी इसी कथित संगठन ने ली थी। स्पेशल सेल की एनडीआर यूनिट लंबे समय से शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने विभिन्न राज्यों में एक साथ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सोहेल ने दिल्ली और फरीदाबाद के कई इलाकों में तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के समर्थन में ग्रैफिटी बनाई और उसके वीडियो अपने हैंडलर को भेजे। इसके बदले उसे 5,000 रुपए दिए गए थे। सोनू मीणा कथित तौर पर मॉड्यूल के लिए हथियारों की व्यवस्था और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का काम करता था। उसके कब्जे से तीन पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। सचिन कुमार मीणा को सोनू का सहयोगी बताया गया है। उसके पास से भी दो पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं।
मोहम्मद कैफ पर आरोप है कि वह शहजाद भट्टी नेटवर्क के सदस्यों के संपर्क में था और उसे पुलिसकर्मियों की हत्या, थानों समेत कई संस्थानों की रेकी तथा युवाओं की भर्ती करने के निर्देश मिले थे। वहीं, मोहम्मद रिहान पर मेरठ में आबिद जट्ट के पोस्टर लगाने और पुलिसकर्मियों पर हमले की तैयारी करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि इस मॉड्यूल के तीन अन्य सदस्य 'शोएब, अनमोल राय उर्फ अन्नू और रवि कश्यप' को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार को 7 संदिग्ध हुए थे गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन से संचालित एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय आतंक-आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जांच में सामने आया कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकवादी बने शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगी अजमल गुज्जर के इशारों पर काम कर रहा था. गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और पंजाब तक फैला हुआ था और इसका इस्तेमाल अवैध हथियारों, गोला-बारूद और मादक पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ संभावित आतंकी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था.
Tags
दिल्ली