सोशल मीडिया पर महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भड़की भाकियू (क्रांति)

संगठन ने विरोध जताकर की सख्त कार्रवाई की मांग, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन


गाजियाबाद।
भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की जा रही अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन ने इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी गाजियाबाद के माध्यम से प्रेषित किया।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवदत्त अधाना ने बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के परिवार की सदस्य अदिति यादव सहित अन्य महिलाओं के संबंध में अमर्यादित, अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल संबंधित महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समूचे महिला समाज के सम्मान पर भी आघात करती हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक विचारों और नीतियों को लेकर मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी महिला को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करना सामाजिक मर्यादाओं, संवैधानिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के विरुद्ध है। भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने राष्ट्रपति से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों और एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
संगठन ने यह भी मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए तथा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश स्थापित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। संगठन का कहना है कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान की रक्षा समाज तथा शासन-प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है और इस प्रकार की अभद्रता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने