हीट रेजिलिएंट सिटी परियोजना के लिए गाजियाबाद नगर निगम और एनआईयूए के बीच एमओयू

गाजियाबाद नगर निगम  को मिलेंगे 5 करोड़ रुपये, क्रियान्वयन में होंगे खर्च


गाजियाबाद।
जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों के प्रति गाजियाबाद को अधिक सक्षम, सुरक्षित और टिकाऊ शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान (एनआईयूए) और गाजियाबाद नगर निगम के बीच हीट रेजिलिएंट सिटी परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। 
एमओयू पर गाजियाबाद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक तथा एनआईयूए की निदेशक ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने बताया कि देश के चुनिंदा 12 शहरों में गाजियाबाद को हीट रेजिलिएंट सिटी परियोजना के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से इस परियोजना के लिए गाजियाबाद नगर निगम को 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग शहर में बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम करने, गर्मी से बचाव तथा जलवायु अनुकूलन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किया जाएगा। 
नगर आयुक्त के अनुसार, गाजियाबाद नगर निगम द्वारा एक दीर्घकालिक हीट रेजिलिएंट सिटी फ्रेमवर्क एवं कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह दस्तावेज भविष्य में शहर के विकास की योजनाओं, जलवायु परिवर्तन से जुड़े जोखिमों तथा गर्मी के प्रभावों को ध्यान में रखते हुए नीतिगत निर्णयों और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के सफल संचालन में सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संस्थाओं तथा विभिन्न समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। परियोजना को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने के लिए 15 माह का समय निर्धारित किया गया है। 
कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ने गाजियाबाद नगर निगम द्वारा गर्मी से राहत प्रदान करने के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने शहर में स्थापित स्थायी एवं अस्थायी प्याऊ, नागरिकों के लिए बनाए गए कूलिंग रूम तथा अन्य जनहितकारी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने