नंदग्राम के कैमिकल व इंक गोदाम में भीषण आग

स्याही-रबर स्टैंप की है कम्पनी,सात दमकल वाहनों ने पाया काबू


गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र स्थित हिंडन विहार के एक कैमिकल और इंक गोदाम में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठ रहे काले धुएं और ऊंची लपटों के कारण आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर 2:05 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को आरएनजी ट्रेडिंग कंपनी, खसरा संख्या-159, आदर्श नगर, नंदग्राम में स्थित कैमिकल एवं इंक गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी कोतवाली चार फायर टेंडरों के साथ मौके के लिए रवाना हुए।
घटनास्थल पर पहुंचने पर गोदाम से घना काला धुआं और तेज लपटें निकलती मिलीं। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर फायर स्टेशन वैशाली से दो वाटर ब्राउजर एवं एक अतिरिक्त फायर टेंडर तथा फायर स्टेशन साहिबाबाद से भी दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने आग को चारों ओर से घेरकर बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता और धुएं के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाई आई। इसके बावजूद फायर कर्मियों ने बीए सेट (श्वास सुरक्षा उपकरण) पहनकर लगातार फोम की पंपिंग की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर लिया।
अग्निशमन विभाग की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से आसपास स्थित अन्य गोदामों एवं आवासीय भवनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। आग बुझाने के अभियान में कुल सात दमकल वाहन लगाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भवन के भूतल पर इंक का गोदाम संचालित था, जबकि ऊपरी मंजिल पर रबर स्टैंप बनाने का कार्य किया जाता था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने