यात्रियों को बांटे गए सीड-एम्बेडेड कार्ड, क्विज, प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गाजियाबाद/नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नमो भारत ट्रेनों और स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान यात्रियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के तहत नमो भारत स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को पर्यावरण-अनुकूल परिवहन विकल्प चुनने के लिए धन्यवाद दिया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास विषय पर क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी आयु वर्ग के यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप विशेष सीड-एम्बेडेड कार्ड (बीज युक्त कार्ड) भेंट किए गए। रीसाइक्ल्ड पेपर से तैयार इन कार्डों को मिट्टी में रोपकर पौधे उगाए जा सकते हैं। एनसीआरटीसी का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से यह संदेश देना था कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
फोटो बूथ बने आकर्षण का केंद्र:: विभिन्न नमो भारत स्टेशनों पर लगाए गए विशेष फोटो बूथ यात्रियों के आकर्षण का केंद्र रहे। युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा किया। इस पहल ने स्टेशनों को जागरूकता और सहभागिता के जीवंत मंच में बदल दिया।
बेगमपुल स्टेशन पर तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम: एनसीआरटीसी ने अपने ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस पार्टनर डीबी आरआरटीएस इंडिया तथा मेरठ के अहारदा एजुकेशन कॉलेज के सहयोग से बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर ‘सस्टेनेबल टेक्सटाइल, सस्टेनेबल फ्यूचर’ विषय पर तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, रीसाइक्लिंग और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली पर आधारित रचनात्मक प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके अलावा सस्टेनेबल फैशन, पर्यावरण-अनुकूल वस्त्रों और ‘डू इट योरसेल्फ’ (DIY) गतिविधियों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। यात्रियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्रों से संवाद किया, विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचारों को समझने में रुचि दिखाई। सस्टेनेबल फैशन विषय पर आयोजित इंटरैक्टिव क्विज और कला आधारित गतिविधियों ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।
हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल: एनसीआरटीसी के अनुसार यह कार्यक्रम 6 और 7 जून तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र भी भाग लेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। एनसीआरटीसी ने बताया कि नमो भारत परियोजना का उद्देश्य केवल आधुनिक और तेज परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक जाम और वायु प्रदूषण को कम कर सतत विकास को बढ़ावा देना भी है। वर्तमान में प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्री नमो भारत सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं, जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण कम करने में मदद मिल रही है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत एनसीआरटीसी स्टेशनों और डिपो पर सौर ऊर्जा संयंत्र, वर्षा जल संचयन प्रणाली तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग जैसी कई हरित पहलें भी संचालित कर रहा है।
Tags
गाजियाबाद