सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा में पुलिस प्रशासन का बड़ा सत्यापन अभियान शुरू

हिस्ट्रीशीटरों का होगा दोबारा सत्यापन, अवैध कब्जों और निर्माणों पर भी चलेगी कार्रवाई

गाजियाबाद।
खोड़ा क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत हिस्ट्रीशीटरों, अपराध से जुड़े व्यक्तियों, अवैध कब्जाधारियों और नियमों के विरुद्ध किए गए निर्माणों की व्यापक जांच की जा रही है।
अभियान की शुरुआत के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने अपराधियों और असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया। राणा चौक पर अभियान की निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरण नैयर, डीसीपी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी तैनात रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।  डीएम ने कहा कि किशोर की हत्या मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। राजस्व विभाग की ओर से गाटा संख्या 70 पर अवैध निर्माण के मामले में नोटिस दिया गया है। यहां बंधा की जमीन पर मकान बना हुआ है। इसका पूरा वेरिफिकेशन पुलिस और प्रशासन ने किया है। 15 दिन का नोटिस दिया गया है। उसके बाद हम विधिक कार्रवाई करेंगे। डीएम ने कहा कि यहां डीसीपी और पूरी पुलिस टीम आई है। खोड़ा क्षेत्र में 14 हिस्ट्रीशीटर हैं, उनका सत्यापन करने के हम लोग आए हैं।
तीन दिन तक चलेगा विशेष सत्यापन अभियान: 
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार तीन दिनों तक खोड़ा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाएंगी। इस दौरान हिस्ट्रीशीटरों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों का पुनः सत्यापन किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच करेगी कि जिन लोगों के विरुद्ध पहले आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, वे वर्तमान में कहां रह रहे हैं और उनकी गतिविधियां क्या हैं। अधिकारियों ने सभी सूचनाओं का गहन सत्यापन करने तथा आवश्यक होने पर मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। 
अवैध निर्माण और कब्जों पर भी प्रशासन की नजर: 
विशेष अभियान के तहत अवैध निर्माणों और सरकारी अथवा विवादित भूमि पर कब्जों की भी जांच की जा रही है। प्रशासनिक टीमें ऐसे भवनों और जमीनों का विवरण जुटा रही हैं, जिनके संबंध में पूर्व में शिकायतें प्राप्त हुई थीं। संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ उन मामलों की भी पड़ताल की जा रही है, जहां नियमों के उल्लंघन की आशंका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्ती: 
प्रशासन का कहना है कि खोड़ा क्षेत्र में अपराधियों, अवैध निर्माणकर्ताओं और सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने