मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नेताओं और जनता ने मिलकर चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार, 14 जून को यमुना नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए एक बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों ने मिलकर ‘मां यमुना तट स्वच्छता अभियान’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। ‘एक संकल्प – स्वच्छ यमुना’ के संदेश के साथ दिल्ली के 28 प्रमुख घाटों, रिवरफ्रंट और तटीय क्षेत्रों में एक साथ व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सांसदों, मंत्रियों, विधायकों के साथ-साथ करीब 500 सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गीता कॉलोनी स्थित ठोकर नंबर-14 घाट पर स्वयं श्रमदान कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है, जिसे स्वच्छ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान विभिन्न घाटों पर जनप्रतिनिधियों ने लोगों को जागरूक करते हुए संकल्प दिलाया कि वे यमुना में कचरा, प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य अपशिष्ट नहीं डालेंगे। कई स्थानों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग श्रमदान करते नजर आए।
कस्तूरबा नगर से विधायक नीरज बसोया ने भी अभियान में हिस्सा लेते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद से यमुना की सफाई पर लगातार काम किया जा रहा है और नदी की स्थिति में सुधार दिखाई दे रहा है। इसी बीच कालिंदी घाट पर सांसद स्वाति मालीवाल ने भी यमुना स्वच्छता अभियान में भाग लेकर लोगों को नदी संरक्षण के लिए प्रेरित किया। दिल्ली सरकार ने इस अभियान को यमुना पुनरुद्धार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित होकर यह प्रयास लगातार आगे भी जारी रहेंगे। सरकार और प्रशासन का दावा है कि इस अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिला है और यह यमुना स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल साबित हुआ है।
x
Tags
दिल्ली