साहिबाबाद में पुस्तक ‘बौद्ध धर्म उद्भव और विकास’ का लोकार्पण

 समाजवादी चिंतक रामदुलार यादव ने शिक्षाविद् कैलाश चन्द्र की प्रशंसा की

गाजियाबाद।
 साहिबाबाद स्थित ज्ञानपीठ केंद्र-1, स्वरूप पार्क जीटी रोड में मंगलवार को इतिहास मर्मज्ञ, मूर्धन्य विद्वान, प्रख्यात लेखक एवं शिक्षाविद् भाई कैलाश चन्द्र द्वारा लिखित पुस्तक ‘बौद्ध धर्म उद्भव और विकास’ समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट को सप्रेम भेंट की गई। इस अवसर पर लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष तथा समाजवादी चिंतक राम दुलार यादव शिक्षाविद् भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भाई कैलाश चन्द्र के साहित्यिक, शैक्षिक और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया। बताया गया कि शिक्षाविद् कैलाश चन्द्र ने कई महत्वपूर्ण पुस्तकों के साथ भारत के संविधान की समीक्षा पर भी लेखन किया है, जिससे प्रतियोगी छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा।
समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट ने कहा कि भाई कैलाश चन्द्र अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में जन-जागरूकता, ज्ञान और मानवीय मूल्यों के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। इतिहास, समाज, संविधान, शिक्षा और मानवीय चिंतन जैसे विषयों पर उनकी रचनाएं पाठकों को नई दृष्टि प्रदान करती हैं और समाज के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समाजवादी चिंतक राम दुलार यादव ने कहा कि भाई कैलाश चन्द्र की पुस्तक ‘बौद्ध धर्म उद्भव एवं विकास’ सरल भाषा में भगवान बुद्ध के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म सत्य, अहिंसा और नैतिक आचरण पर बल देता है तथा समाज को पाखंड, झूठ, लूट, रूढ़िवाद और सामाजिक असमानता के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। यह पुस्तक सामाजिक बुराइयों के विरोध और अज्ञानता के अंधकार से मुक्ति का संदेश देती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भाई कैलाश चन्द्र को बधाई दी और उनके लेखन कार्य की प्रशंसा की। इस अवसर पर ओम प्रकाश अरोड़ा, ब्रह्म प्रकाश, हुकुम सिंह, के.के. सिंह, हरेंद्र यादव, एस.एन. जायसवाल, मुनीब यादव, हरिकृष्ण, राजेंद्र सिंह, प्रेम चन्द्र पटेल, अमर बहादुर, सुभाष चन्द्र और मोहम्मद सलाम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने