नोएडा 5 शातिर चोर गिरफ्तार, 18 लाख की 12 बाइक बरामद

 
एक आरोपी पर आर्म्स एक्ट और चोरी के 9 मामले दर्ज
नोएडा।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का थाना सूरजपुर पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें तथा भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्या उर्फ मोहन, दीपक पाल, लक्की चंदेल, आसिफ और अंकित गुप्ता के रूप में हुई है। थाना सूरजपुर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर गुलिस्तानपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान मौके से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और दो अवैध चाकू बरामद किए। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही पर एलजी गोलचक्कर के पास जंगल से 10 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इसके अलावा जंगल से 5 से 6 मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स भी बरामद हुए हैं, जिनमें हैंडल, टायर, टंकी, शॉकर, इंजन और चेसिस शामिल हैं।
एडिशनल डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर और अभ्यस्त अपराधी हैं। सूर्या उर्फ मोहन के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी के कुल 9 मामले दर्ज हैं। दीपक पाल पर 5, लक्की चंदेल पर 4, आसिफ पर पोक्सो एक्ट समेत 5 और अंकित गुप्ता पर भी 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों में रेकी कर मौका मिलने पर मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। गिरोह का सदस्य आसिफ पेशे से कबाड़ी है, जो चोरी की गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में बेचने का काम करता था। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों और उनके स्पेयर पार्ट्स को बेचकर मोटी कमाई करते थे।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य कबाड़ियों और खरीदारों की तलाश की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितनी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने