प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में पीटकर मार डाला, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में मामूली सड़क हादसे के बाद 17 वर्षीय किशोर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कार से बाइक टच होने के बाद कार सवार युवक किशोर का अपहरण कर उसे एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में ले गए, जहां बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मुस्तफाबाद कॉलोनी निवासी शौकत का 17 वर्षीय बेटा जैद सोमवार दोपहर अपने दो दोस्तों नदीम और इब्राहीम के साथ बेहटा हाजीपुर नहर रोड स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने गया था। लौटते समय बंथला नहर रोड पर उसकी बाइक सामने से आ रही एक कार से छू गई।
परिजनों का आरोप है कि कार सवार दो युवकों ने पहले जैद के साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन कार में बैठाकर कुछ दूरी पर स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में ले गए। वहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वह बेहोश हो गया। पीछे-पीछे पहुंचे उसके दोस्तों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
दोस्त घायल जैद को ई-रिक्शा से उसके घर लेकर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे तत्काल दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। उन्होंने कहा कि मामले में नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
गाजियाबाद
