तिलपता से मकौड़ा तक सफर आसान, रेलवे ओवरब्रिज खुलने से जाम से निजात

ग्रेटर नोएडा के 130 मीटर रोड पर बड़ी राहत, पैसामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के पास रेलवे ओवरब्रिज शुरू

ग्रेटर नोएडा।
ग्रेटर नोएडा के 130 मीटर रोड से सफर करने वाले नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट और गाजियाबाद के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। तिलपता गोलचक्कर से मकौड़ा गोलचक्कर के बीच पैसामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को मंगलवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।
करीब 1600 मीटर लंबे और चार लेन वाले इस ओवरब्रिज का निर्माण डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) ने कराया है। इस आरओबी के नीचे से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन गुजर रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगातार इस परियोजना को जल्द पूरा कराने के प्रयास में जुटा था। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने भी इस ओवरब्रिज के निर्माण को प्राथमिकता दी थी। 130 मीटर रोड पर वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण अंडरपास में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जबकि बारिश के दौरान लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब रेलवे ओवरब्रिज शुरू होने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल गई है। इससे ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट, नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद के बीच आवागमन सुगम होगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
तिलपता गोलचक्कर पर बनेंगे यू-टर्न:
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 130 मीटर रोड को पूरी तरह जाममुक्त बनाने की दिशा में एक और कदम उठाने जा रहा है। तिलपता गोलचक्कर के दोनों ओर यू-टर्न बनाए जाएंगे। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और अगले तीन से चार महीनों में निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।
130 मीटर रोड, ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है और नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। प्राधिकरण ने परियोजना विभाग को सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। तिलपता गोलचक्कर से पहले और बाद में दोनों ओर यू-टर्न बनाए जाएंगे, जिससे चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात अधिक सुगम हो सकेगा। परियोजना का जिम्मा वर्क सर्किल-7 को सौंपा गया है। एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने भी परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने