आईपीईसी-टीबीआई के इनक्यूबेटेड स्टार्टअप 'स्किलरे एजुकेशन' को 1.04 करोड़ रुपये की फंडिंग

रियल टाइम एंजेल फंड और केंद्र सरकार की जेनेसिस योजना से मिला निवेश, शिक्षा व कौशल विकास के तकनीकी समाधान होंगे और मजबूत

साहिबाबाद।
इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी)-टीबीआई फाउंडेशन के इनक्यूबेटेड स्टार्टअप स्किलरे एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड ने कुल 1.04 करोड़ रुपये की फंडिंग हासिल की है। यह उपलब्धि शिक्षा एवं कौशल विकास क्षेत्र में स्टार्टअप के नवाचार और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण मानी जा रही है।
कंपनी को रियल टाइम एंजेल फंड से 50.09 लाख रुपये का निवेश तथा भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) की जेनेसिस योजना के तहत 49.95 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है। यह अनुदान आईपीईसी-टीबीआई फाउंडेशन के माध्यम से उपलब्ध कराया गया। स्किलरे एजुकेशन शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार क्षमता को बेहतर बनाने के लिए तकनीक आधारित समाधान विकसित कर रही है। कंपनी इस निवेश का उपयोग उत्पाद विकास, नई तकनीकों के विस्तार, बाजार में पहुंच बढ़ाने तथा देशभर में अपने परिचालन को मजबूत करने में करेगी।
आईपीईसी-टीबीआई फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी साजिद रज़ा ने कहा कि यह सफलता संस्थान के मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम और प्रभावी इनक्यूबेशन मॉडल का परिणाम है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, बिजनेस डेवलपमेंट, निवेशकों से जोड़ने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार सहयोग प्रदान कर रहा है। स्टार्टअप के संस्थापक रजत जौहरी ने आईपीईसी-टीबीआई फाउंडेशन और रियल टाइम एंजेल फंड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निवेश कंपनी की विकास यात्रा को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच कौशल अंतर को कम करते हुए विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप रियल-टाइम प्रैक्टिकल लर्निंग उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, निदेशक डॉ. डी.के. शर्मा, साजिद रज़ा एवं सपना शर्मा ने स्टार्टअप टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने