महापौर प्रवेश वाही ने लॉन्च किया EduLife 2.0 पोर्टल, पुस्तक का भी विमोचन
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अपने स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सोमवार को महापौर प्रवेश वाही ने सिविक सेंटर स्थित सत्य नारायण बंसल सभागार में शिक्षा विभाग के नए डिजिटल पोर्टल EduLife 2.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एमसीडी शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तक का भी विमोचन किया गया।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक का है। ऐसे में EduLife 2.0 पोर्टल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन को एमसीडी स्कूलों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के जरिए अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और स्कूल की गतिविधियों की जानकारी सीधे प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की निगरानी, डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने और स्कूल प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने में सहायक होगा। साथ ही यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि नई तकनीक को अपनाने में शुरुआती चुनौतियां जरूर आती हैं, लेकिन इससे शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने शिक्षकों से इस डिजिटल पहल को पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनाने की अपील की। शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि EduLife 2.0 एमसीडी स्कूलों को निजी विद्यालयों के समकक्ष लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से अभिभावक विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) वितरण और शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर भी नजर रख सकेंगे।
योगेश वर्मा ने कहा कि पोर्टल पर मेधावी छात्रों की सूची भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे खेल अकादमियां और अन्य संस्थान प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर सकें। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एमसीडी शिक्षा विभाग छात्रों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा भविष्य में भी शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए नई पहलें जारी रहेंगी।
Tags
दिल्ली