इंदिरापुरम ब्राह्मण सभा ने मेधावी छात्रों का किया सम्मान

कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा बोले- प्रतिभा का सम्मान समाज की प्रगति का आधार 

गाजियाबाद
 
इंदिरापुरम ब्राह्मण सभा द्वारा आयोजित वार्षिक मेधावी छात्र सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने दसवीं और बारहवीं कक्षा के मेधावी छात्रों तथा समाज के विभिन्न परिवारों को सम्मानित किया। समारोह में शिक्षा, समाज सेवा और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि मेधावी छात्रों का सम्मान न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने इंदिरापुरम ब्राह्मण सभा की ओर से सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने लोगों से आगामी जनगणना के दौरान पूरी समझदारी और सावधानी के साथ अपना विवरण दर्ज कराने की भी अपील की। 
युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की सलाह: समारोह के प्रमुख वक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने छात्रों और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय के अनुसार ब्राह्मण समाज और व्यापक हिंदू समाज को अपने भविष्य की नई दिशा तय करनी होगी। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को केवल सरकारी या निजी नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें उद्यमिता और व्यवसाय की ओर भी प्रेरित करें, ताकि वे आत्मनिर्भर बनें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें। उन्होंने कहा कि आज कई पारंपरिक हुनर और व्यवसाय युवाओं की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं, जबकि उनमें बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं। इस अवसर पर अमिताभ अग्निहोत्री ने इंदिरापुरम ब्राह्मण सभा की वार्षिक स्मारिका 'विप्रवाणी' के दूसरे संस्करण का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में एडवोकेट एवं लेखक जे.के. शर्मा ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने छात्रों से शिक्षा के साथ-साथ जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा विकसित करने का आह्वान किया।
25 मेधावी छात्र हुए सम्मानित:
समारोह में दसवीं और बारहवीं कक्षा के 25 मेधावी छात्रों को ट्रॉफी, पुस्तक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्रों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया। इंदिरापुरम ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष प्रवेश अत्रेय ने सभा की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य इंदिरापुरम की प्रत्येक सोसाइटी तक पहुंचकर जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता करना है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष के दौरान सभा ने हिंदू नववर्ष शोभायात्रा, महामना मदन मोहन मालवीय स्मृति गोष्ठी सहित कई सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। 
संपादक मंडल की ओर से स्मिता मिश्रा ने 'विप्रवाणी' के दूसरे संस्करण की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें इतिहास, वैदिक संस्कृति और समकालीन विषयों पर आधारित लेख प्रकाशित किए गए हैं। कार्यक्रम का संचालन ऋचां शर्मा और रचना तिवारी ने किया। समारोह में अखिल कौशिक, मोहित मिश्रा, वेंकटेश तिवारी, प्रतीक शर्मा, नवीन शर्मा, राजीव शर्मा, रवि शर्मा, अनुपम शुक्ला, नरेश जोशी, मास्टर सुनील शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, हेमंत वाजपेयी सहित ब्राह्मण समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने