चोरी का मोबाइल, जेवर और स्कूटी बरामद
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक सैमसंग मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, घड़ियां, चांदी के गिलास तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को शालीमार गार्डन एक्स निवासी योगेश बंसल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 मई को उनके घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना शालीमार गार्डन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सोमवार को थाना शालीमार गार्डन पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शालीमार गार्डन एक्स-01 स्थित गंदे नाले की पुलिया के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर (29) निवासी बच्चा/पप्पू कॉलोनी, थाना शालीमार गार्डन, गाजियाबाद, चांद नबी (34) निवासी नई सीमापुरी, दिल्ली तथा फरदीन (25) निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक सैमसंग मोबाइल फोन, दो जोड़ी पीली धातु के टॉप्स, एक अंगूठी, एक लॉकेट, सफेद धातु के तीन गिलास, तीन घड़ियां, चार पैर की अंगूठियां तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर शालीमार गार्डन क्षेत्र के एक फ्लैट में चोरी की थी। उन्होंने बताया कि चोरी का सामान राहगीरों और कबाड़ियों को बेच देते थे तथा कुछ सामान सीमापुरी की झुग्गियों में भी बेच चुके हैं। चोरी से मिली रकम नशे और अपने शौक पूरे करने में खर्च कर देते थे। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि वे बरामद सामान बेचने के लिए खरीदार की तलाश में घूम रहे थे। खरीदार नहीं मिलने पर वे एक और बड़ी चोरी कर सभी सामान को एक साथ बेचकर फरार होने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने करीब एक माह पहले भाटी गेट स्थित भाटी कंपाउंड में हुई एक अन्य चोरी की वारदात में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि उस चोरी का सामान पहले ही सीमापुरी क्षेत्र में बेच दिया था और उससे मिली रकम भी नशे में खर्च कर दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में घर में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
