साहिबाबाद पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो शातिर दबोचे, चोरी की पांच बाइक बरामद

शौक व खर्चे पूरे करने के लिए करते थे वाहन चोरी, गौतमबुद्ध नगर व अन्य क्षेत्रों से चुराई गई थीं मोटरसाइकिलें

गाजियाबाद।
ट्रांस हिंडन जोन की स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और साहिबाबाद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और चोरी के मामलों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 30 जुलाई को नागद्वार चौराहे के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में वे मोटरसाइकिल के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिल कुछ दिन पहले गौतमबुद्ध नगर के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सिटी से चोरी की गई थी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस तरह कुल पांच चोरी की बाइक पुलिस ने बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज (27) और सचिन (28) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर के बिसरख क्षेत्र में किराये पर रह रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी दोपहिया गाड़ियों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर कुछ समय तक छिपाकर रखते और बाद में कबाड़ियों या जरूरतमंद लोगों को औने-पौने दाम में बेच देते थे। बिक्री से मिले रुपये आपस में बांटकर अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने