खुलासा: ट्रैक्टर बेचने के विवाद में सगे भाई ने ही की थी भाई की हत्या

मसूरी थाना पुलिस ने डीएमई के नीचे हुई मोनू की हत्या का किया पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद।
मसूरी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने 26 जुलाई को हुई अज्ञात व्यक्ति की हत्या का खुलासा करते हुए मृतक के सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ट्रैक्टर के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद में अपने बड़े भाई की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी। 
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह पीडब्ल्यूडी कार्यालय, आध्यात्मिक नगर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। शव के चेहरे और सीने पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा सीने पर खून से सना सीमेंट का भारी पत्थर रखा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान 42 वर्षीय मोनू सिंह निवासी मंडेल, थाना मूंढापांडे, जनपद मुरादाबाद के रूप में की। जांच में उसके छोटे भाई सुखवीर की भूमिका सामने आई।
पूछताछ में आरोपी सुखवीर ने बताया कि दोनों भाइयों ने फरवरी 2026 में करीब दो लाख रुपये जमा कर और 5.20 लाख रुपये का ऋण लेकर एक सोनालिका ट्रैक्टर खरीदा था। कुछ समय बाद ट्रैक्टर की कमाई बढ़ने पर वह उसे अपने नाम कराना चाहता था, लेकिन बड़ा भाई मोनू इसके लिए तैयार नहीं हुआ। इस विवाद को लेकर परिवार में पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। 
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने भाई की हत्या की योजना बना ली थी। 25 जुलाई को वह मोनू को अपने साथ गाजियाबाद लेकर आया, दोनों ने शराब पी और उसने भाई को अधिक शराब पिला दी। रात में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर गड्ढे में धक्का दिया और सीमेंट के पत्थर से सिर व सीने पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने की नीयत से उसके ऊपर भारी पत्थर रखकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी सुखवीर (26) को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त सीमेंट का पत्थर पहले ही बरामद किया जा चुका है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने