फोन पर बात बंद करने से नाराज पूर्व किराएदार बना कातिल, गिरफ्तार

प्रेम नगर कॉलोनी में दो मासूमों के सामने की थी मां की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी दबोचा

गाजियाबाद।
लोनी थाना क्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पूर्व किराएदार फैजान उर्फ बहरा को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला द्वारा फोन पर बातचीत बंद कर देने से नाराज होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, 26 जुलाई को प्रेम नगर कॉलोनी निवासी रिजवाना की प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय महिला के दो छोटे बच्चे भी घर में मौजूद थे। बच्चों के सामने ही आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही लोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी फैजान उर्फ बहरा को लोनी थाना क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले रिजवाना के घर में किराए पर रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फोन पर बातचीत होने लगी। कुछ समय बाद रिजवाना ने आरोपी से फोन पर बात करना बंद कर दिया, जिससे वह नाराज रहने लगा। इसी रंजिश के चलते 26 जुलाई को वह महिला के घर पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने प्लास्टिक की रस्सी से रिजवाना का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने