ट्रोनिका सिटी में महिला की हत्या का खुलासा, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार

बेटियों को साथ रखने के विवाद में की थी हत्या, मोबाइल बना आरोपी के खिलाफ सबूत 

गाजियाबाद।
ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने महिला की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें हत्या के बाद मृतका की खींची गई तस्वीर मिली है। 
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, 30 जुलाई को पूजा कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाली सुशीला देवी की हत्या की सूचना मिलने पर थाना ट्रोनिका सिटी में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वादी ने तहरीर में बताया कि आरोपी पवन कुमार (निवासी ग्राम दोस्तपुर, थाना साहेबगंज, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार) ने पूजा कॉलोनी स्थित किराए के मकान में रह रही उसकी मां सुशीला देवी की हत्या कर दी है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की। इसके बाद शुक्रवार को आरोपी पवन कुमार, निवासी जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), हाल निवासी पूजा कॉलोनी, ट्रोनिका सिटी, को गिरफ्तार कर लिया गया। वह वर्तमान में बुद्ध बाजार, पूजा कॉलोनी स्थित बब्बू के मकान में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद उसकी मृतका से जान-पहचान हुई और दोनों करीब दस दिन पहले पूजा कॉलोनी में किराये के मकान में साथ रहने लगे थे। आरोपी की दो बेटियां बिहार में उसकी बहन के पास रहती हैं। वह बेटियों को अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन मृतका इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात और अन्य घरेलू विवादों को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। 
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 24 जुलाई की रात विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर सुशीला देवी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने अपने मोबाइल से मृतका की फोटो खींची और रात में मकान को बाहर से बंद कर फरार हो गया।  पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें मृतका की तस्वीरें मिली हैं। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने