खोड़ा थाना पुलिस ने 50 एटीएम कार्ड, आईफोन और कैश बरामद किया
गाजियाबाद। थाना खोड़ा पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 एटीएम कार्ड, 9,500 रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किया है। आरोपी लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकाल लेता था।डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि एक पीड़ित ने थाना खोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि बीती 15 अप्रैल को कालू सीमेंट के पास स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और बाद में उसके खाते से 26,150 रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर थाना खोड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया।मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इनपुट और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान आकाश कुमार उर्फ अक्की पंडित (26 वर्ष) निवासी चोटपुर कॉलोनी, सेक्टर-63, छिजारसी, नोएडा के रूप में हुई।
मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को इंदिरापुरम अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 50 एटीएम कार्ड, 9,500 रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विभिन्न एटीएम के बाहर ऐसे लोगों की तलाश करता था, जिन्हें एटीएम चलाने की पूरी जानकारी नहीं होती थी। वह मदद करने के बहाने पहले पीड़ित का एटीएम कार्ड और पिन जान लेता था। इसके बाद उसी बैंक का मिलता-जुलता दूसरा एटीएम कार्ड बदलकर पीड़ित को दे देता और असली कार्ड अपने पास रख लेता था। आरोपी बातचीत के दौरान मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग भी करता था ताकि पिन की जानकारी सुरक्षित रहे। बाद में वह दिल्ली और आसपास के विभिन्न एटीएम से पीड़ित के खाते से रुपये निकाल लेता था। वारदात पूरी होने के बाद वह मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग भी डिलीट कर देता था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना खोड़ा पुलिस टीम द्वारा एटीएम बदलकर धोखाधड़ी कर रुपये निकालने वाले अभियोग में वांछित 01 अभियुक्त गिरफ्तार, कब्जे से 50 एटीएम कार्ड, 9,500 रुपये एवं 01 आईफोन बरामद ।
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) July 15, 2026
बाइट- श्री धवल जायसवाल @dhawalips , पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिण्डन@Uppolice pic.twitter.com/SKPJOlVbjj
Tags
गाजियाबाद
