सीढ़ी लगाकर लोगों को बचाया गया, इलेक्ट्रिक वाहन की स्पार्किंग से हुआ अग्निकांड
नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक जी+4 (पांच मंजिला) आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने से इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों के लोग अंदर फंस गए। दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में 26 वर्षीय महिला स्नेहा और एक अज्ञात पुरुष की धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग में लगे एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की बैटरी में स्पार्किंग माना जा रहा है। स्पार्किंग के बाद वहां खड़े पेट्रोल चालित वाहनों ने आग पकड़ ली, जिससे कुछ ही देर में लपटें पूरी इमारत में फैल गईं। हालांकि कुछ लोगों ने शॉर्ट सर्किट या एसी में खराबी की भी आशंका जताई है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
सात दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से चला रेस्क्यू अभियान: सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात फायर टेंडर, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। धुएं और आग के कारण कई लोग अपने फ्लैटों में फंस गए थे। बचाव दल ने सामने स्थित इमारत से सीढ़ियां लगाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई लोगों को खिड़कियों और बालकनी के रास्ते बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अस्पताल में दो लोगों को मृत घोषित किया गया: रेस्क्यू के दौरान धुएं से बेहोश हुए दो लोगों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 26 वर्षीय स्नेहा और एक अज्ञात पुरुष को मृत घोषित कर दिया। अन्य प्रभावित लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के दौरान मृतका स्नेहा का भाई अपनी बहन का सामान कमरे से निकालने की गुहार लगा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और मुख्य गेट पर पुलिस के खिलाफ हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने फिलहाल इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भवन मालिक हिरासत में, मुकदमा दर्ज: एडिशनल पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि आग जिस भवन में लगी, वह जी+4 आवासीय इमारत थी। ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनी हुई थी और प्रत्येक मंजिल पर लगभग 12 परिवार रह रहे थे। प्रथम दृष्टया आग का कारण ईवी चार्जिंग के दौरान हुई स्पार्किंग प्रतीत हो रहा है। मामले में थाना फेस-3 में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा भवन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के वास्तविक कारण, भवन में सुरक्षा मानकों के पालन तथा लापरवाही के पहलुओं की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

Tags
नोएडा