गाजियाबाद में भ्रष्टाचार और लापरवाही पर पांच पुलिसकर्मी नपे

दो मुख्य आरक्षी और दो उपनिरीक्षक निलंबित, एक मुख्य आरक्षी का तबादला; फीडबैक सेल की शिकायतों पर हुआ एक्शन

गाजियाबाद।
पुलिस कमिश्नरेट ने भ्रष्टाचार के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई फीडबैक सेल पर प्राप्त नागरिकों की शिकायतों और पुलिसकर्मियों के कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर की गई है। पुलिस कमिश्नरेट में नागरिकों से पुलिस सेवाओं और पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सीधे फीडबैक लेने के लिए फीडबैक सेल और कमांड कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इस व्यवस्था के तहत मिलने वाली प्रत्येक शिकायत और प्रतिक्रिया का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है।
फीडबैक सेल पर प्राप्त नकारात्मक प्रतिक्रिया के आधार पर थाना कौशांबी में तैनात मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार तथा थाना शालीमार गार्डन में तैनात मुख्य आरक्षी मकसूद खान के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों पुलिसकर्मियों को पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन द्वारा निलंबित कर दिया गया।अपने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने संबंधी शिकायतों के आधार पर थाना नंदग्राम के उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह और थाना इंदिरापुरम के उपनिरीक्षक सुखवीर सिंह को भी पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन ने निलंबित कर दिया।इसके अलावा सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय, नंदग्राम में तैनात मुख्य आरक्षी मोहम्मद आलम का स्थानांतरण कर उन्हें रिजर्व पुलिस लाइन, गाजियाबाद भेज दिया गया।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देशन में स्थापित फीडबैक सेल पुलिस के कार्यों की निगरानी और मूल्यांकन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इस व्यवस्था के जरिए नागरिक बिना किसी भय या औपचारिकता के पुलिस सेवाओं के संबंध में अपनी राय और शिकायत दर्ज करा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर जे० रविन्द्र गौड़ ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और कर्तव्य में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी सख्ती से लागू रहेगी। पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग ही विभाग की प्राथमिकता है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने