पैतृक जमीन बचाने और सुरक्षा पाने को डीसीपी की दहलीज पर पहुंची दनकौर की महिलाएं

गुनपुरा गांव की तीन महिलाओं ने भू-माफियाओं पर फर्जी बैनामा, धमकी और उत्पीड़न का लगाया आरोप, महिला डीसीपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

नोएडा।
दनकौर थाना क्षेत्र के ग्राम गुनपुरा की तीन महिलाओं ने कुछ लोगों पर उनकी पैतृक संपत्ति को कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के जरिए हड़पने, जबरन कब्जा करने, घर से बेदखल करने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिलाओं ने मामले की शिकायत महिला सुरक्षा पुलिस उपायुक्त (डीसीपी)  से करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
डीसीपी (महिला सुरक्षा) को दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम गुनपुरा निवासी श्रीमती लक्ष्मी पत्नी लोकेश, श्रीमती सुदेश पत्नी राकेश और श्रीमती जागन देवी पत्नी स्वर्गीय भूली ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के कुछ लोगों ने साजिश के तहत उनकी पैतृक जमीनों को फर्जी तरीके से अपने नाम कराने और बेचने का काम किया है।
खसरा संख्या 200 की जमीन को लेकर लगाया धोखाधड़ी का आरोप: शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम गुनपुरा स्थित खसरा संख्या-200 की भूमि उनके परिवार की दादा-लाई (पैतृक) संपत्ति है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने योजना बनाकर लक्ष्मी के पति लोकेश को नशे का आदी बनाकर तथा राजस्व अभिलेखों में वारिसान दर्ज कराने का झांसा देकर कथित रूप से धोखे से दस्तावेज तैयार करा लिए। महिलाओं का आरोप है कि 27 और 28 मार्च 2026 को दो बैनामे कराए गए, जो पूरी तरह फर्जी और कूटरचित हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि लोकेश वर्तमान में नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन हैं।
82 वर्षीय महिला की जमीन भी फर्जी तरीके से बेचने का आरोप:  शिकायती पत्र में ग्राम गुनपुरा निवासी 82 वर्षीय जागन देवी ने आरोप लगाया है कि उनके दिवंगत पति और परिवार की पैतृक संपत्ति को भी धोखाधड़ी के जरिए बेच दिया गया।आरोप है कि ग्राम गुनपुरा स्थित गाटा संख्या-00042, खसरा संख्या-243, रकबा 0.5760 हेक्टेयर भूमि को उनके परिवार की जानकारी और सहमति के बिना कथित रूप से फर्जी तरीके से बिकवा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ लोगों ने मिलकर साजिश रची और जमीन को अवैध तरीके से हस्तांतरित कराया।
विरोध करने पर धमकी और अभद्रता का आरोप:
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि जब उन्हें कथित फर्जीवाड़े की जानकारी हुई तो वे मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए आरोपियों के घर पहुंचीं। महिलाओं के अनुसार, उन्होंने आरोपियों से अनुरोध किया कि यदि कोई गलती हुई है तो बैनामे आपसी सहमति से निरस्त करा दिए जाएं। आरोप है कि इस पर आरोपी भड़क गए और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में गाली-गलौज, धक्का-मुक्की, मानसिक उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें फोन पर भी धमकी दी गई कि वे जमीन के मामले में हस्तक्षेप न करें, अन्यथा उन्हें गोली मार दी जाएगी।
आपराधिक इतिहास का भी किया दावा: शिकायतकर्ता महिलाओं ने आरोप लगाया है कि जिन लोगों पर उन्होंने आरोप लगाए हैं, उनके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि इस कारण उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है। महिलाओं ने बताया कि स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने महिला सुरक्षा डीसीपी से न्याय की गुहार लगाई है।
एफआईआर और सुरक्षा की मांग: शिकायतकर्ताओं ने डीसीपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, कथित भू-माफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, पीड़ित महिलाओं और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, उन्हें जबरन घर या जमीन से बेदखल करने की किसी भी कोशिश को रोका जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। फिलहाल शिकायत पर पुलिस स्तर से जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने