शालीमार गार्डन में एक साल से टंकी ध्वस्तीकरण की मार झेल रहा प्राथमिक विद्यालय

बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल तो डीएम ने दिए निर्देश, ऑपरेशन कायाकल्प के तहत संवरेगा क्षतिग्रस्त प्राथमिक विद्यालय

गाजियाबाद।
ट्रांस हिंडन में शालीमार गार्डन सी-ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय की इमारत और चारदीवारी पानी की जर्जर टंकी को ध्वस्त करने के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी। घटना को लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शालीमार गार्डन सी-ब्लॉक डबल टंकी के पास स्थित पुरानी पानी की टंकी को जर्जर घोषित किए जाने के बाद नगर निगम ने जुलाई 2025 में ध्वस्त कराया था। ध्वस्तीकरण के दौरान टंकी का मलबा प्राथमिक विद्यालय पर गिर गया, जिससे विद्यालय के दो कमरे, चारदीवारी और शौचालय क्षतिग्रस्त हो गए। क्षतिग्रस्त कमरों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अस्थायी रूप से जनकपुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया था। हालांकि, विद्यालय में अध्ययनरत अन्य बच्चे और शिक्षक टूटी हुई चारदीवारी के कारण आज भी असुरक्षित माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि चारदीवारी नहीं होने से असामाजिक तत्व विद्यालय परिसर में घुसकर बैठ जाते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना रहता है। यही कारण है कि कई अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने से भी हिचकिचा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ को पत्र लिखकर नगर निगम से विद्यालय की मरम्मत कराने की मांग की थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर निगम को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। 
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि 'ऑपरेशन कायाकल्प' के तहत विद्यालय की चारदीवारी, क्षतिग्रस्त कक्षों की मरम्मत, शौचालय और परिसर में इंटरलॉकिंग सहित सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि नगर निगम ने विद्यालय के मरम्मत कार्य को जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया है। अब अभिभावकों और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित यह कार्य शीघ्र पूरा होगा, जिससे बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सकेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने