प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को किया गया सम्मानित
गाजियाबाद। धरोहर परिषद, इंदिरापुरम द्वारा संचालित उत्तराखण्डी बोली, भाषा एवं संस्कृति की 10 दिवसीय विशेष कक्षाओं का समापन रविवार को उत्साह और सांस्कृतिक माहौल के बीच किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को उत्तराखण्ड की भाषा, संस्कृति, लोक परंपराओं और तीज-त्योहारों की जानकारी देने के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
धरोहर परिषद के केंद्र प्रमुख व मीडिया प्रभारी जगमोहन सिंह रावत के अनुसार, उत्तराखण्ड लोक भाषा साहित्य मंच, दिल्ली, डीपीएमआई (DPMI) तथा डॉ. विनोद बछैथीं के सहयोग से आयोजित इन कक्षाओं में दिल्ली-एनसीआर के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दस सत्रों के दौरान बच्चों को उत्तराखण्ड की बोली-भाषा, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवन शैली से परिचित कराया गया। समापन समारोह में वेदांतम ग्लोबल स्कूल के चेयरमैन ललित त्यागी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने बच्चों को मातृभाषा, मातृभूमि और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का महत्व बताते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और भाषा से जुड़ा व्यक्ति जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को श्रीमती लक्ष्मी बिष्ट ने पुरस्कार एवं उपहार प्रदान किए। प्रतियोगिता में साक्षी रावत ने प्रथम, तनिष्का नेगी ने द्वितीय तथा सन्तुष्टि बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समारोह में प्रबंधन समिति के सदस्य बालादत्त पाण्डेय, जगमोहन सिंह बुगाणा, लता बवाड़ी, अनिता भण्डारी तथा लक्ष्मी बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी 17 विद्यार्थियों को उनकी नियमित उपस्थिति और सहभागिता के लिए स्मृति-उपहार भी भेंट किए गए।
केंद्र प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी जगमोहन सिंह बुगाणा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से ललित त्यागी, उमेश बंदूनी, कुंदन रावत, संजय उनियाल और ललित गौनियाल के सहयोग की सराहना की।
Tags
गाजियाबाद