मौसी के घर से बहाने से ले गया, काजीपुरा गांव के खेत में उतार दिया मौत के घाट
400 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद 72 घंटे में खुला ब्लाइंड मर्डर का राज, भाई गिरफ्तार
गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव में ज्वार के खेत में युवती की गला रेतकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतका के सगे भाई को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने परिवार की आन-बान के नाम पर बहन की हत्या कर दी।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि 23 जुलाई को काजीपुरा गांव के ज्वार के खेत में एक अज्ञात युवती का गला कटा शव मिला था। सूचना पर वेव सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया। टीम ने 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मोबाइल लोकेशन और बीटीएस डाटा का विश्लेषण किया तथा कई संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका की पहचान सिद्धार्थनगर निवासी रीमा के रूप में हुई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को काजीपुरा स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र से मृतका के भाई दीपक कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आरी का ब्लेड भी बरामद हुआ।
मौसी के घर से बहाने से साथ ले गया: पुलिस जांच में सामने आया कि रीमा गौतमबुद्धनगर के कासना क्षेत्र में अपनी मौसी के घर आई हुई थी। आरोपी दीपक वहां पहुंचा और बहन को घुमाने के बहाने कार में बैठाकर अपने साथ ले आया। इसके बाद वह उसे गाजियाबाद के काजीपुरा क्षेत्र स्थित सुनसान ज्वार के खेत में ले गया।
प्रेम विवाह का कर रहा था विरोध: पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन एक युवक से प्रेम विवाह करना चाहती थी, जिसका वह लगातार विरोध कर रहा था। 22 जुलाई को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में उसने पहले बहन का गला दबाया और फिर पेंट-पीओपी के काम में इस्तेमाल होने वाले आरी के ब्लेड से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव खेत में छोड़ दिया और फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस ऑनर किलिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
Tags
गाजियाबाद