किराएदार ही निकला ज्वेलरी चोर, 30 लाख रुपये के जेवर बरामद

खाटू श्याम दर्शन पर गया परिवार, किराएदार ने उड़ाए लाखों के जेवर,  क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा 

गाजियाबाद।
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने घर से करीब 25 से 30 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी की वारदात का मात्र 12 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने और हीरे के आभूषण बरामद कर लिए हैं। 
पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल के अनुसार, सुदामापुरी निवासी रीता गोयल ने 25 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 18 जुलाई को अपने पति और छोटे बेटे के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन करने गई थीं। इसी दौरान उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। 
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच की। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुदामापुरी बिजलीघर के पास से आरोपी अनंत मिश्रा (25) निवासी ग्राम जादलपुर, थाना अलीगंज, जिला एटा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से पीड़िता के मकान में किराए पर रह रहा था। मकान मालिक का उस पर पूरा भरोसा था। परिवार के खाटू श्याम जाने की जानकारी होने पर उसने रात में मौका पाकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सभी कीमती आभूषण चोरी कर लिए। उसे विश्वास था कि किसी को उस पर शक नहीं होगा, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन सोने के हार, दो डायमंड सेट, पांच जोड़ी सोने की झुमकियां, दो सोने की लटकन तथा चार सोने के कंगन बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने