गाजियाबाद डीएम के निर्देश पर तीन लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता
गाजियाबाद। जिले में 9 जुलाई को हुई अतिवृष्टि के दौरान जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों को जिला प्रशासन ने आर्थिक सहायता प्रदान कर दी है। प्रशासन की ओर से प्रत्येक मृतक के आश्रित को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि स्वीकृत कर उनके बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य पात्र प्रभावित लोगों को भी नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन के अनुसार, जलभराव में डूबने से जान गंवाने वाली तीन वर्षीय बच्ची के आश्रित खुशबू के खाते में चार लाख रुपये की सहायता राशि भेजी गई है। इसी तरह जलभराव में डूबने से मृत पांच वर्षीय मोहम्मद साद के आश्रित शादाब के खाते में भी चार लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इसके अलावा, राम अजीत राय (50 वर्ष) की दीवार गिरने से दबकर हुई मौत के मामले में उनकी आश्रित सुंदरी के खाते में भी चार लाख रुपये की मुआवजा राशि भेजी गई है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि 9 जुलाई 2026 को हुई अतिवृष्टि के दौरान हुई तीन दुखद घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल राहत देते हुए सभी मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता जारी कर दी है। संबंधित लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि लगातार बारिश और खराब मौसम के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन या संबंधित विभाग को दें।
Tags
गाजियाबाद