गाजियाबाद में जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर तैयारियों को परखा

अधिकारियों को 28 जुलाई से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

गाजियाबाद।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने शनिवार को मेरठ तिराहा स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम और प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़े सभी कार्य 28 जुलाई से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले मेरठ तिराहा स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कादराबाद क्षेत्र, गंग नहर और पाइपलाइन मार्ग का निरीक्षण किया, जहां बड़ी संख्या में कांवड़ियों का आवागमन होता है। इस दौरान सड़क, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही सभी निर्माण और मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बिजली विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्ग पर जिन बिजली के खंभों की कवरिंग अधूरी है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके अलावा झुके हुए अथवा जर्जर बिजली के तारों को तुरंत दुरुस्त कर सुरक्षित बनाया जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
वन विभाग और संबंधित एजेंसियों को मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों तथा अन्य अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, रात्रि के समय कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पूरे मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगाने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरी करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
x
शीर्षक:

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने