गाजियाबाद में बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार, 119 किलो अवैध ड्रग्स बरामद

नंदग्राम में पुलिस-एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, टाटा हैरियर व बलेनो कार जब्त

गाजियाबाद।
गाजियाबाद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) मेरठ की संयुक्त टीम ने नंदग्राम थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 119 किलोग्राम अवैध ड्रग्स बरामद की है। इस दौरान बिहार निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टाटा हैरियर और एक बलेनो कार भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा और बिहार से ड्रग्स लाकर एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
एसीपी वेव सिटी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ 'ऑपरेशन प्रहार' अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 25 जुलाई को नंदग्राम पुलिस और एएनटीएफ मेरठ को सूचना मिली थी कि चमन कॉलोनी स्थित चौधरी पार्किंग के पास एक खाली प्लॉट में ड्रग्स की बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 119 किलोग्राम अवैध ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त टाटा हैरियर और बलेनो कार भी कब्जे में ले ली।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान अनीश कुमार (23) और गुड्डू कुमार उर्फ अंकित कुमार (23) निवासी बिहार के रूप में बताई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उड़ीसा और बिहार से कम कीमत पर ड्रग्स खरीदते थे। इसके बाद उसे छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर वाहनों के जरिए एनसीआर तक पहुंचाते थे और दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। एसीपी ने बताया कि बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, ड्रग्स की सप्लाई चेन और एनसीआर में फैले नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने