ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी में बनेगा उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर

900 करोड़ की लागत से बनेगा, नोएडा से दिल्ली- गाजियाबाद का सफर होगा आसान, तिगरी चौक के जाम से मिलेगी राहत

नोएडा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया है। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित यह फ्लाईओवर ग्रेटर नोएडा वेस्ट को शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के रास्ते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इसके निर्माण से तिगरी चौक पर लगने वाले भीषण जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण के अनुसार, यह फ्लाईओवर करीब 1,400 मीटर लंबा होगा। इसके दोनों तल (डेक) पर वन-वे ट्रैफिक संचालित होगा, जिससे ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और तेज हो जाएगा। 
जगह की कमी बनी डबल डेकर फ्लाईओवर की वजह: प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पहले यहां चार लेन का सामान्य फ्लाईओवर प्रस्तावित था, लेकिन इसके लिए करीब 15 मीटर चौड़ाई की आवश्यकता थी। स्थल पर अधिकतम 14 मीटर चौड़ाई ही उपलब्ध होने के कारण वैकल्पिक डिजाइन पर विचार किया गया। इसके बाद विशेषज्ञ कंसल्टेंट की मदद से डबल डेकर फ्लाईओवर का प्रस्ताव तैयार किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने इस प्रस्ताव का प्रेजेंटेशन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंप दिया है। एनएचएआई ने अब परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) मांगी है, जिसके बाद निर्माण को अंतिम मंजूरी दी जाएगी। 
12 मीटर में तैयार होंगी छह लेन, यू-शेप पीयर तकनीक से होगा निर्माण:
परियोजना के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि प्रस्तावित डबल डेकर फ्लाईओवर के दोनों तल पर तीन-तीन लेन बनाई जाएंगी। इस डिजाइन की मदद से केवल 12 मीटर चौड़ाई में छह लेन का यातायात संचालित किया जा सकेगा। इससे भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक का भी आसानी से सामना किया जा सकेगा। फ्लाईओवर के निर्माण में यू-शेप पीयर (U-Shape Pier) तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इससे मौजूदा सड़क स्थानीय बाजारों, आवासीय सोसायटियों और गांवों के लोगों के लिए सर्विस लेन के रूप में पहले की तरह उपलब्ध रहेगी। 
दिल्ली और गाजियाबाद का सफर होगा आसान:
फ्लाईओवर बनने के बाद 130 मीटर रोड से वाहन सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे। इससे गाजियाबाद और दिल्ली की ओर यात्रा अधिक तेज और सुगम होगी। वर्तमान में अधिकांश लोगों को तिगरी चौक होकर गुजरना पड़ता है, जहां लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। प्राधिकरण का मानना है कि यह परियोजना ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बढ़ती आबादी और भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। फ्लाईओवर बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लाखों लोगों को प्रतिदिन बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने