भोजपुर टोल पर पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, यूपी गेट पर रोकने पर पुलिस से हुई नोकझोंक
गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अमेरिका-इंडिया डील के विरोध में गाजियाबाद कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले भोजपुर टोल प्लाजा पर किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मंगलवार सुबह भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित भोजपुर टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। किसानों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण रैली के माध्यम से गाजियाबाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपना चाहते थे।किसानों का काफिला जैसे ही गाजियाबाद के लिए रवाना हुआ, भोजपुर टोल प्लाजा पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। किसानों का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रहे थे, जबकि पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। हालांकि कुछ देर बाद किसान अपने ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के साथ गाजियाबाद कलेक्ट्रेट पहुंचने में सफल रहे।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसानों ने अमेरिका-इंडिया डील के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना था कि प्रस्तावित डील कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों के प्रतिकूल है। उन्होंने सरकार से किसानों की आशंकाओं को दूर करने और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर और पूरे रूट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए थे। प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला संगठन मंत्री मुस्तफा, जिला उपाध्यक्ष हामिद चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष जावेद चौधरी, तहसील महासचिव रहसुदीन, सकिंदर चौधरी, ग्राम अध्यक्ष रिजवान चौधरी, तहसील अध्यक्ष अजीत चौधरी, ट्रैक्टर प्रमुख तमकीन चौधरी तथा जिला सचिव कुशलवीर सिंह गुलैया सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसी कड़ी में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध कर रहे किसान बड़ी संख्या में मंगलवार सुबह बिजनौर से यूपी गेट पहुंचे। यहां तैनात पुलिस फोर्स ने जब उन्हें रोका तो किसान हाइवे पर ही बैठ गए। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच खींचतान और धक्का मुक्की भी हुई। करीब पौने घंटे तक यह हंगामा चला। इस दौरान पुलिस ने बेरिकेडिंग को और बढ़ा दिया। वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम के हालात भी पैदा हो गए। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बिजनौर से दिल्ली जा थे करीब 35-40 किसानों को रोका गया था। हंगामे के बाद सभी को थाने भेज दिया गया है।
Tags
गाजियाबाद