विपिन प्रजापति हत्याकांड: मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज

राष्ट्रीय प्रजापति महासभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन,  पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग 

गाजियाबाद।
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के चर्चित विपिन प्रजापति हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। मंगलवार को राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
महासभा के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रविराम कॉलोनी में विपिन प्रजापति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 13 जुलाई को मुकदमा दर्ज करते हुए सोनू पुत्र ब्रह्मपाल, ब्रह्मपाल तथा सोनू की पत्नी को नामजद आरोपी बनाया था। पुलिस अब तक ब्रह्मपाल और सोनू की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी सोनू अभी भी फरार है।
संगठन का कहना है कि घटना के करीब दस दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार और समाज में नाराजगी बढ़ रही है। राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति ने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी को किसी प्रकार का संरक्षण मिल रहा है अथवा उसकी गिरफ्तारी के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। महासभा ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रशासन से मांग की कि मुख्य आरोपी सोनू को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि यदि गिरफ्तारी में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।
इस बीच, मृतक विपिन प्रजापति के भाई पवन ने आरोप लगाया कि फरार आरोपी फोन कर लगातार धमकियां दे रहा है। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पवन ने अपनी ओर से आरोपी के कथित एनकाउंटर और उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग की।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने