गाजियाबाद नगर निगम की पहल से हिंडन एलिवेटेड रोड को मिली नई पहचान

महापौर सुनीता दयाल ने किया 'रामसेतु' प्रवेश द्वार का लोकार्पण
गाजियाबाद।
शहर के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम ने एक खास पहल की है। एलिवेटेड रोड पर नगर निगम द्वारा निर्मित नए भव्य प्रवेश द्वार का नाम 'रामसेतु' रखा गया है। गुरुवार को महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने विधिवत लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।
लोकार्पण समारोह में महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि यह केवल एक प्रवेश द्वार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के विकास के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उनके अनुसार, 'रामसेतु' नाम भारतीय सभ्यता और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने का एक प्रयास है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने कहा कि नगर निगम गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए लगातार विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड पर बनाया गया यह भव्य द्वार आधुनिक निर्माण शैली और आकर्षक डिजाइन का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी और यहां से गुजरने वाले लोगों को गाजियाबाद की नई पहचान का एहसास होगा।
करीब 11 किलोमीटर लंबे हिंडन एलिवेटेड रोड का उपयोग प्रतिदिन हजारों वाहन चालक करते हैं।दिल्ली और गाजियाबाद के बीच यह मार्ग सबसे व्यस्त संपर्क मार्ग में शामिल है। ऐसे में नगर निगम का मानना है कि इस मार्ग को नया नाम और भव्य प्रदेश द्वार मिलने से एलिवेटेड रोड की पहचान और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निर्माण शहर की पहचान को मजबूत करते हैं और नागरिकों में अपने शहर के प्रति गर्व की भावना बढ़ाते हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, ताकि गाजियाबाद को एक आधुनिक, स्वच्छ और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर के रूप में विकसित किया जा सके। 'रामसेतु' द्वार को इसी दिशा में नगर निगम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने