चोरी का 1500 किलो सरिया किया बरामद, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत दो आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद। थाना कविनगर पुलिस और स्वाट टीम नगर जोन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1500 किलो चोरी का सरिया तथा उसे ले जा रही महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली (रजिस्ट्रेशन नंबर UP13AT0972) बरामद की है।पुलिस के अनुसार, रविवार को शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान फैक्ट्री एरिया स्थित मुखर्जी पार्क के पास सरिया से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर गोपाल धर्मकांटा चौकी, औद्योगिक क्षेत्र कविनगर के पास दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग ट्रकों से सरिया चोरी कर उसे लोहा मंडी में बेच दिया करते थे। गिरफ्तार किए जाने के समय भी वे चोरी का सरिया बेचने जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र पुत्र कंछिद सिंह (32 वर्ष) तथा रोहित पुत्र रविंद्र (19 वर्ष), निवासी ग्राम अहार, थाना अहार, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बुलंदशहर के अहार गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
गाजियाबाद