गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में रीडरों की बैठक, कार्यालयी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर

डीसीपी धवल जायसवाल ने रीडरों को दिए कार्यकुशलता और जवाबदेही के मंत्र

गाजियाबाद।
 पुलिस कमिश्नरेट के कार्यालयी कार्यों को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर एवं ट्रांस हिंडन जोन के सभी रीडरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी नगर एवं ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने की। इस दौरान उन्होंने रीडरों को अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि किसी भी पुलिस कार्यालय की कार्यप्रणाली में रीडरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कार्यालय में आने वाली पत्रावलियों, अभिलेखों और अन्य प्रशासनिक कार्यों का सुव्यवस्थित संचालन उनकी कार्यकुशलता पर निर्भर करता है। इसलिए प्रत्येक रीडर अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करें। उन्होंने कार्यालयी अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी भी पत्रावली या दस्तावेज की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही लंबित पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश भी दिए।
गोष्ठी के दौरान कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता में निरंतर सुधार के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीसीपी ने कहा कि पुलिस विभाग की कार्यकुशलता केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यालयों का सुचारु और व्यवस्थित संचालन भी आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बैठक के अंत में सभी रीडरों को शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने, कार्यालयी कार्यों में अनुशासन, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने तथा कमिश्नरेट पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में सक्रिय योगदान देने के निर्देश दिए गए।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने