कांवड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद में ट्रैफिक प्लान तैयार, अधिकारियों ने कसी कमर

कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध, ग्रीन कॉरिडोर भी बनेगा, 1033 हेल्पलाइन रहेगी सक्रिय

गाजियाबाद।
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए शुक्रवार को पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात) की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात पुलिस, एआरटीओ, एनएचएआई, रोडवेज, ट्रांसपोर्ट यूनियन, बस संचालकों, ऑटो यूनियन, पेट्रोल-डीजल एसोसिएशन तथा गैस प्लांट प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान लागू होने वाले रोड डायवर्जन प्लान की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी संबंधित विभागों को उसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए पेट्रोल-डीजल टैंकरों और गैस आपूर्ति वाहनों को निर्धारित रूट मैप का ही उपयोग करने को कहा गया।
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्धारित डायवर्जन योजना का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। हाईवे पर किसी भी दुर्घटना, वाहन खराब होने या अन्य आपात स्थिति में सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1033 पर संपर्क किया जा सकता है, जहां सूचना मिलते ही क्रेन एवं गश्ती दल तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि भारी एवं व्यावसायिक वाहनों को केवल वैकल्पिक मार्गों से ही संचालित किया जाएगा। कांवड़ लेन में सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। राजमार्गों, चौराहों और कांवड़ मार्गों पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ क्रेन से टोइंग और चालान की कार्रवाई होगी। साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
रोडवेज और निजी बस संचालकों को डायवर्जन योजना के अनुसार ही बसों का संचालन करने तथा नए पिक-अप प्वाइंट की जानकारी पहले से सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को मुख्य कांवड़ मार्गों के बजाय वैकल्पिक आंतरिक मार्गों पर संचालन करने के लिए कहा गया, ताकि यातायात बाधित न हो। यातायात पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे कांवड़ यातायात कंट्रोल सेल सक्रिय रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT), रिकवरी वाहन और क्रेन तैनात रहेंगी। पुलिस ने नागरिकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन नियमों का पालन कर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने