व्यापारिक विवाद में दोस्त ने कराई कारोबारी की हत्या, दो साथियों संग रची साजिश

गुरुग्राम से बहाने से गाजियाबाद बुलाया, कनावनी-हिंडन मार्ग पर देर रात मारी गोली; मुख्य आरोपी हिरासत में

गाजियाबाद।
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा चौकी के अंतर्गत कनावनी-हिंडन मार्ग पर बुधवार देर रात एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती जांच में अज्ञात हमलावरों द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस की पूछताछ में मृतक का दोस्त ही हत्या का मुख्य साजिशकर्ता निकला।
पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-3 निवासी अमित कुमार (35) अपने दोस्त विजय शर्मा के साथ बुधवार रात गुरुग्राम से इंदिरापुरम आए थे। रात करीब दो बजे विजय शर्मा ने डायल-112 पर सूचना दी कि दो अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में उन्हें रोककर अमित को गोली मार दी और फरार हो गए। सूचना मिलते ही इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अमित को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। घटनास्थल की परिस्थितियों और विजय शर्मा के बयान पर संदेह होने पर पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की। पूछताछ में पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया। 
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि अमित कुमार की हत्या उसके दोस्त विजय शर्मा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर की। दोनों गुरुग्राम में रेस्तरां का कारोबार करते थे और उनके बीच लंबे समय से व्यापारिक लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, विजय ने पहले से साजिश रचकर अमित को बहाने से गाजियाबाद बुलाया और कनावनी-हिंडन मार्ग पर ले जाकर अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किए जाने की झूठी कहानी बनाई गई। 
एसीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी विजय शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि हत्या में शामिल उसके दो अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का विधिवत खुलासा किया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने