बुढ़ाना गांव की घटना, नशे में पिता पर दागी 6 गोलियां, 8 साल पहले सगे भाई को मारी थी गोली
गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव में बुधवार देर रात एक कलियुगी बेटे ने सम्पत्ति की खातिर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। 55 वर्षीय पिता हरिओम चौधरी खाना खाने के बाद घर पर आराम कर रहे थे, घर पर पत्नी और छोटा बेटा भी थे। करीब 12 बजे उनका बड़ा बेटा निखिल शराब पीकर घर पहुंचा। पिता ने बेटे को टोका, तो दोनो के बीच कहासुनी हुई। बेटे ने गुस्से में पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसमें पिता की मौत हो गई। बेटा फरार है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। अब तक पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी निखिल का आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी निखिल ने वर्ष 2018 में अपने छोटे भाई नीशू पर भी फायरिंग की थी, जिसमें उसे गोली लगी थी। उस हमले में निशु गंभीर रूप से घायल हुआ था।जानकारी के मुताबिक बुदाना गांव निवासी हरिओम चौधरी के परिवार में पत्नी अनिता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू हैं। हरिओम अपने इलाके के संपन्न किसानों में शामिल थे। उनके नाम करीब 75 बीघा कृषि भूमि के अलावा दिल्ली-मेरठ रोड पर कमर्शियल मार्केट भी है। हरिओम चौधरी की संपत्ति की कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। निखिल शराब का आदी था। पिता उसकी इस आदत से परेशान थे। साथ ही निखिल अपने पिता पर लंबे समय से जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। पिता हरिओम ने उसे 25 बीघा जमीन और मार्केट में कुछ दुकानें पहले ही दे दी थीं, लेकिन वह बाकी संपत्ति भी अपने नाम चाहता था। हरिओम चौधरी के दो बेटे हैं। ऐसे में वे इस बात के लिए तैयार नहीं थे। जिस वजह से पिता और बेटे के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार को देर रात करीब 12 बजे हरिओम चौधरी खाना खाने के बाद परिवार के साथ घर पर आराम कर रहे थे। बड़ा बेटा निखिल बाहर से शराब पीकर घर पहुंचा। पिता ने बेटे को टोका, तो बेटा पिता पर ही हमलावर हो गया।
पहले कहासुनी फिर मारपीट के बाद बेटे निखिल ने आपा खो दिया। निखिल ने पास से पिस्टल निकालकर पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पिता बेसुध होकर वहीं पर गिर गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। चार राउंड फायर के बाद बेटा फरार हो गया। इस बीच घर पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग भी गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। खून से लथपथ हरिओम चौधरी को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब पुलिस हत्यारोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Tags
गाजियाबाद