नई बोलेरो में गंगा स्नान के लिए अलवर से हरिद्वार जा रहा था परिवार, निवाड़ी क्षेत्र में आमने-सामने की टक्कर; ट्रक चालक-कंडक्टर हिरासत में
गाजियाबाद। निवाड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। सभी बोलेरो पिकअप में सवार थे। हरिद्वार में गंगा स्नान और धार्मिक दर्शन के लिए जा रही बोलेरो पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब 12:30 बजे कंट्रोल रूम को ट्रक और बोलेरो पिकअप की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 महिलाओं समेत 13 लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान रमेश पुत्र छोटे लाल, रतन पुत्र भजन लाल ओर सरजीत पुत्र मुंशीराम के रूप में हुई है। घायलों में अनिल, हरमीत, रोहताश, राजेश, जतिन, ड्राइवर महिपाल, बबिता, कीर्ति, आशा, शांति देवी और निशिका हैं। ये सभी अलवर राजस्थान के कंलगांव के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बोलेरो हाल ही में खरीदी गई थी। वाहन मालिक अपने परिवार और परिचितों के साथ नई गाड़ी में हरिद्वार गंगा स्नान और धार्मिक दर्शन के लिए जा रहे थे। लेकिन निवाड़ी क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक से हुई भीषण टक्कर ने उनकी खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वाहन की रफ्तार, सड़क की स्थिति, चालक की लापरवाही तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद