मीडिया, डिजिटल पत्रकारिता और फिल्म उद्योग के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
नई दिल्ली। न्यूज़पेपर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनएआई) के महासचिव डॉ. विपिन गौड़ ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन से शिष्टाचार भेंट कर मीडिया, पत्रकारिता, प्रसारण, डिजिटल मीडिया और भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की।बैठक के दौरान भारतीय मीडिया परिदृश्य को अधिक सशक्त बनाने, निष्पक्ष और उत्तरदायी पत्रकारिता को बढ़ावा देने, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, प्रसारण व्यवस्था में तकनीकी बदलाव तथा भारतीय फिल्म एवं रचनात्मक उद्योग के विकास जैसे विषयों पर विचारों का आदान प्रदान किया गया। इसके अलावा मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करने, युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने तथा भारतीय रचनात्मक उद्योग को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर डॉ. विपिन गौड़ ने केंद्रीय मंत्री को न्यूज़पेपर एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा देशभर के पत्रकारों के हितों की रक्षा, नैतिक एवं उत्तरदायी पत्रकारिता को प्रोत्साहन देने, मीडिया शिक्षा को बढ़ावा देने, युवा पत्रकारों के कौशल विकास तथा राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों को सम्मानित करने के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन द्वारा मीडिया जगत को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. विपिन गौड़ ने केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के सरल, सहज और विनम्र व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि सूचना एवं प्रसारण क्षेत्र के विकास, रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने तथा मीडिया समुदाय को सशक्त बनाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है। बैठक के दौरान राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी सकारात्मक विचार विमर्श हुआ।
बैठक के अंत में डॉ. विपिन गौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार, मीडिया संस्थानों और पत्रकार संगठनों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से भारतीय मीडिया, पत्रकारिता और रचनात्मक उद्योग को नई दिशा मिलेगी तथा उत्तरदायी, विश्वसनीय और जनहितकारी पत्रकारिता को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।
Tags
दिल्ली