चोरी की बाइक से करते थे मोबाइल स्नैचिंग और लूट, दो नाबालिग समेत आठ आरोपी दबोचे

नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस ने तीन बाइक, तीन मोबाइल, तमंचा व चाकू बरामद किए 

नोएडा।
थाना सेक्टर-20 पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिग समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और तीन चाकू बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना सागर उर्फ पंजाबी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-27 स्थित कैलाश कट के पास कार्रवाई कर दानिश, अप्पू उर्फ संदीप, विकास, साहिल उर्फ शुभम, शरद सिंह देव और सूरज कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
रेकी कर चोरी, फिर चोरी की बाइक से स्नैचिंग: एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले नोएडा और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में रेकी करते थे। इसके बाद मौका पाकर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे। चोरी की गई बाइकों का इस्तेमाल राहगीरों से मोबाइल छीनने, लूट और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में किया जाता था।
हथियार भी हुए बरामद: पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास के पास से एक अवैध तमंचा, जबकि दानिश, शरद सिंह देव और साहिल उर्फ शुभम के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। बरामद तीनों मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन चोरी के बताए जा रहे हैं।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे: जांच में सामने आया कि गिरोह के अधिकांश सदस्य पेशेवर अपराधी हैं। आरोपी अप्पू उर्फ संदीप के खिलाफ छह, विकास के खिलाफ पांच और साहिल उर्फ शुभम के खिलाफ छह गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
फरार सरगना की तलाश जारी: पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, गिरोह के फरार सरगना सागर उर्फ पंजाबी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने