ग्राम के सभी बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए बनी 21 सदस्यीय समिति
गाजियाबाद। विद्यालक्ष्मी सेवा समिति द्वारा संचालित विद्यालक्ष्मी अध्ययन केन्द्र के विस्तार एवं ग्राम के बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को चुड़ियाला गाँव में ग्राम के सम्मानित नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अध्ययन केन्द्र के संचालन एवं विकास के लिए 21 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि गठित समिति अध्ययन केन्द्र के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएगी तथा समिति के सभी उद्देश्यों की पूर्ति में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही यह भी सहमति बनी कि ग्राम के प्रत्येक बच्चे तक कंप्यूटर शिक्षा पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
विद्यालक्ष्मी सेवा समिति के महासचिव नीरज शर्मा ने समिति के उद्देश्य, कार्ययोजना एवं भावी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। समिति के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने उपस्थित सदस्यों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए समिति के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी से सहयोग की अपील की, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्वनिमत से स्वीकार किया। ग्राम के विकास एवं शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग देने का भी सभी ने संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता विनोद प्रधान, प्रबंधक, कृषक इंटर कॉलेज, चुड़ियाला ने की। इस अवसर पर पूर्व प्रधान गजेंद्र सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए ग्राम के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया। वहीं बबलू शर्मा, नीटू चौधरी, विनोद कुमार, डालचंद सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने सुझाव एवं विचार रखे। बैठक का संयोजन रामकुमार शर्मा ने किया, जबकि संचालन आनंद प्रकाश शर्मा ने किया। अंत में अध्यक्ष विनोद प्रधान ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए अगली बैठक 2 अगस्त 2026 को आयोजित करने की घोषणा की। बता दें कि ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए समिति द्वारा मोदीनगर के डीलना अड्डा पर विद्यालक्ष्मी अध्ययन केन्द्र नाम से कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र संचालित किया जा रहा है। अब समिति इसी दिशा में आगामी नीतियां निर्धारित कर रही है।
Tags
गाजियाबाद