लीलावती चौक पर वाहन टकराने के बाद हुआ विवाद, पुलिस जांच में जुटी
गाजियाबाद। थाना विजय नगर क्षेत्र स्थित लीलावती चौक पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा युवा मोर्चा के कुछ कार्यकर्ता अपने एक नेता के स्वागत के लिए जा रहे थे। इसी दौरान भीड़भाड़ वाले लीलावती चौक पर एक वाहन के हल्के टच होने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लीलावती चौक पर अवैध ठेलों के कारण अक्सर जाम और भीड़भाड़ की स्थिति बनी रहती है, जिससे आए दिन छोटे-छोटे विवाद होते रहते हैं। आरोप है कि विवाद के दौरान स्थानीय व्यक्ति चंद मिस्त्री और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना विजय नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर घटना की सत्यता तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति सामान्य बनी हुई है।
Tags
गाजियाबाद