चुनावी गठबंधन, राम मंदिर चंदा और राजभर विवाद पर खुलकर बोले
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को गाजियाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और चुनावी तैयारियों को धार देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को पूरी मजबूती के साथ लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि चुनाव में जीत की बुनियाद मजबूत बूथ संगठन से ही तैयार होती है।
गठबंधन पर शीर्ष नेतृत्व करेगा फैसला: 2027 विधानसभा चुनाव में संभावित गठबंधन और सीटों के बंटवारे के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि सभी सहयोगी दल आपसी सहमति से चुनाव लड़ेंगे और सीटों के बंटवारे का फैसला भी नेतृत्व स्तर पर ही लिया जाएगा। कहा कि चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की पूरी तैयारियां हैं।
राम मंदिर चंदा विवाद की जांच की मांग: राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर उठ रहे विवाद पर भाजपा को घेरते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।गाजियाबाद में पुलिस की समय पर मदद न मिलने से एक युवक की मौत पर सपा महासचिव ने कहा कि इस समय पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। ब्यूरोक्रेट्स के हाथ में प्रशासन सौंप दिया गया है इसलिए जनता की सुनवाई नहीं हो रही। सपा की चुनावी रणनीति और बसपा की सक्रियता को लेकर उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा।
ओम प्रकाश राजभर के बेटे के आरोपों पर दिया जवाब: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बेटे द्वारा लगाए गए धमकी के आरोपों को शिवपाल यादव ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी को धमकी नहीं दी। शिवपाल यादव ने कहा, "मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा। इतना जरूर है कि जब वह समाजवादी पार्टी में थे, उसके बाद पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में चले गए। उन्हें अपना सही ढंग से इलाज करवाना चाहिए।"
शिवपाल यादव के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं और नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी लगातार तेज होता जा रहा है।
Tags
गाजियाबाद