लोनी बॉर्डर पुलिस ने टप्पेबाजी गिरोह के तीन बदमाश दबोचे

चोरी के सामान की बिक्री से मिले 3,080 रुपये बरामद

गाजियाबाद।
थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त 3,080 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने बातों में उलझाकर उसके दोनों कानों के सोने के कुंडल, सोने की अंगूठी और चांदी की एक अंगूठी गायब कर दी। शिकायत के आधार पर थाना लोनी बॉर्डर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 30 जुलाई 2026 को तीन आरोपियों वाजिद (27), दिलशेर (26) और इमरान (28) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी दिल्ली और गाजियाबाद की झुग्गी बस्तियों के रहने वाले हैं। उनकी निशानदेही पर टप्पेबाजी से जुड़े 3,080 रुपये बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महिलाओं को अपनी बातों में फंसाकर टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम देते थे। यह गिरोह कुल पांच सदस्यों का है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि घटना के समय उनके साथ गुल हसन और अफजल भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले सर्वोदय एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन के पास एक महिला को बातों में उलझाकर उसके आभूषण चोरी किए थे। बाद में चोरी के आभूषण राह चलते लोगों को बेच दिए और मिले पैसों का आपस में बंटवारा कर लिया। बरामद रुपये उसी बिक्री से मिले हिस्से के हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने