त्यागी जागृति समिति ने शिक्षा और खेल जगत की 150 प्रतिभाओं का किया सम्मान

उच्च न्यायालय की न्यायाधीश बबीता त्यागी ने कहा— प्रतिभाशाली युवा ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी

गाजियाबाद।
जनपद के लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में त्यागी जागृति समिति की ओर से शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर समाज और देश का नाम रोशन करने वाले करीब 150 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को समाज की विशिष्ट हस्तियों द्वारा प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ इलाहाबाद उच्च न्यायालय की न्यायाधीश बबीता त्यागी, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार त्यागी, न्यायिक मजिस्ट्रेट शालिनी त्यागी तथा एसोमक ग्रुप के चेयरमैन आशीष त्यागी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि न्यायाधीश बबीता त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चे केवल अपने समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि त्यागी जागृति समिति द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इन बच्चों का उत्साह, आत्मविश्वास और उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि भविष्य में यही युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाएंगे। 
उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार त्यागी ने कहा कि प्रतिभाओं को समय पर मिलने वाला प्रोत्साहन उनकी सफलता की मजबूत आधारशिला होता है। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि समाज के मेधावी विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए वे सदैव उपलब्ध रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता मास्टर ब्रह्मदत्त त्यागी (सिहानी) ने की। कार्यक्रम का संचालन समाज की प्रतिभाशाली बेटी कृतिका त्यागी ने समिति के प्रवक्ता अधिवक्ता शैलेन्द्र त्यागी तथा मुख्य सलाहकार अनिल त्यागी (मकरेड़ा) के साथ संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को समाज के वरिष्ठ मार्गदर्शक बाबा विद्यानंद त्यागी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद त्यागी, महासचिव अनिल त्यागी (असलात नगर), कोषाध्यक्ष ध्यानेंद्र त्यागी, पूर्व अध्यक्ष धन प्रकाश त्यागी, उपाध्यक्ष अनिल त्यागी (मुबारकपुर), राजकुमार त्यागी (काकड़ा), महेश त्यागी (मोरटी), महेश त्यागी (शाहपुर), सैंथली सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने