सराय काले खां एफओबी पर थूकना पड़ा भारी, 56 यात्रियों के चालान

नमो भारत कॉरिडोर पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए एनसीआरटीसी ने चलाया जागरूकता और जुर्माने का अभियान

नई दिल्ली।
नमो भारत कॉरिडोर को स्वच्छ और यात्रियों के लिए बेहतर बनाने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी (NCRTC) द्वारा स्वच्छता अभियान और प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सराय काले खां नमो भारत स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर थूकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यात्रियों को बताया जा रहा है कि सार्वजनिक परिवहन परिसरों में पान, गुटखा, तंबाकू, च्युइंग गम आदि थूकना प्रतिबंधित है। एनसीआरटीसी का कहना है कि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की गरिमा और स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। 
56 यात्रियों के काटे गए चालान:
एनसीआरटीसी के अनुसार, स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। 30 जुलाई 2026 तक सराय काले खां एफओबी पर मेट्रो रेलवे (संचालन एवं रखरखाव) अधिनियम, 2002 की धारा-59 के तहत कुल 56 चालान किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और कचरा फैलाने से न केवल गंदगी बढ़ती है, बल्कि अन्य यात्रियों को असुविधा होती है और सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचता है। 
स्टेशनों पर उपलब्ध हैं डस्टबिन और संग्रह बॉक्स: एनसीआरटीसी ने बताया कि नमो भारत स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए डस्टबिन और पेपर क्यूआर टिकट के निस्तारण के लिए विशेष संग्रह बॉक्स लगाए गए हैं। इसके बावजूद कुछ यात्री टिकट, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट इधर-उधर फेंक देते हैं। वहीं कुछ स्थानों पर पान और गुटखे के दाग भी देखने को मिलते हैं। एनसीआरटीसी यात्रियों से लगातार अपील कर रहा है कि वे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। 
नशे के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध, यात्रियों से सहयोग की अपील:
एनसीआरटीसी के अधिकारियों के अनुसार, नमो भारत प्रणाली में तंबाकू और शराब को साथ लेकर चलना या उनका सेवन करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। स्वच्छता नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। एनसीआरटीसी द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित रूप से स्वच्छता संबंधी घोषणाएं की जाती हैं। साथ ही ‘नो योर नमो भारत’ जैसी पहलों के माध्यम से यात्रियों को जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के लिए प्रेरित किया जा रहा है। एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और नमो भारत को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बनाने में अपना सहयोग दें।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने