ग्रेटर नोएडा में आग बुझाने के दौरान फायर फाइटर्स के साथ बड़ा हादसा

चिप बनाने वाली कंपनी  में आग बुझाने के दौरान दीवार ढहने से 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

ग्रेटर नोएडा।
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली ILGIM कंपनी में लगी भीषण आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। राहत और बचाव कार्य में जुटे फायर सर्विस के पांच कर्मी कंपनी की दीवार और लोहे के भारी बीम के गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दो जांबाज फायरकर्मियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन कर्मियों का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना के बाद मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और मलबे की जांच शुरू कर दी गई है। 
आग बुझाते समय गिर गई दीवार और बीम: जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा सेंट्रल क्षेत्र के थाना ईकोटेक-3 अंतर्गत स्थित ILGIM कंपनी में सोमवार देर रात अचानक आग लग गई। इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण करने वाली कंपनी में आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया, लेकिन इसी दौरान कंपनी की एक तरफ की दीवार और छत का भारी लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर गया।  मलबे की चपेट में आने से पांच फायर सर्विस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दो फायरकर्मियों ने गंवाई जान: अस्पताल में उपचार के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह की मौत हो गई। दोनों कर्मियों ने आग बुझाने के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाया। हादसे में घायल अन्य तीन फायरकर्मियों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, फायरमैन अमित कुमार शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार तीनों की हालत अब खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है। 
आग के कारणों की जांच शुरू: डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना के बाद पुलिस और फायर टेंडर मौके पर पहुंचे थे। आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम बाहर की ओर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर पांच फायर कर्मी घायल हुए। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर मलबे की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा जांच की जा रही है। 
फायर विभाग में शोक की लहर: दो फायरकर्मियों की मौत की खबर से फायर विभाग में शोक की लहर है। अधिकारियों ने दोनों कर्मियों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। हादसे के बाद कंपनी परिसर की सुरक्षा और आग लगने के कारणों को लेकर भी जांच तेज कर दी गई है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने